
Bilaspur में राजनीतिक रंजिश में चली गोलियां, दो घायल; दो आरोपी फरार
जमीन कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई बनी वजह
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन व्यवसाय को लेकर चल रही रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर की गई फायरिंग में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर में दो गोलियां लगीं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले पर आरोप
मामले में कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले का नाम सामने आया है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मस्तूरी पुलिस और ACCU की टीम लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।

SSP ने घोषित किया 5-5 हजार का इनाम
आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने दोनों फरार आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
शूटरों को 1 लाख रुपये देने का आरोप
जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के कथित मास्टरमाइंड विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटरों को भुगतान के लिए 1 लाख रुपये उपलब्ध कराए थे। वहीं, नागेंद्र राय पर हत्या की साजिश रचने में शामिल होने का आरोप है। इसी आधार पर पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।
इलाके में पुलिस की सख्ती, जांच जारी
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना से जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



