
Bilaspur में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-स्कॉर्पियो की टक्कर में चार की मौत, एक घायल
बिलासपुर। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल सीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ।
ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंचा
जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर (क्रमांक CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की तरफ जा रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड में आ गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 04 MQ 4220) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।

राहत कार्य में दो घंटे लगे, गैस कटर से निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, राहत दल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान निम्नलिखित के रूप में की है:
- छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), पिता बालाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर
- विशाल लहरें (25 वर्ष), पिता राजकुमार लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
- अनमोल लहरें (14 वर्ष), पिता संजय लहरें, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
- सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा
परिवार सालगिरह मनाकर लौट रहा था
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग परिवार के सदस्य थे, जो किसी पारिवारिक समारोह (सालगिरह उत्सव) से लौट रहे थे। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक ही परिवार को तबाह कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और राहगीरों ने भी मदद पहुंचाई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



