
Durg: Jawahar Navodaya Vidyalaya में छात्रों से मारपीट का आरोप
मोबाइल रखने पर 8-9 विद्यार्थियों की पिटाई, दो शिक्षक गिरफ्तार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित Jawahar Navodaya Vidyalaya में छात्रों के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों के आरोपों के अनुसार, मोबाइल फोन रखने के कारण विद्यालय के 8 से 9 विद्यार्थियों की शिक्षकों द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे कुछ छात्रों को अंदरूनी चोटें आईं। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपित शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है।
वाइस प्रिंसिपल के कमरे में बुलाकर की गई मारपीट
जानकारी के मुताबिक घटना 21 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र कक्षा 10वीं से 12वीं तक के हैं। छात्र के पिता डोमन देशलहरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे ने फोन पर सूचना दी थी कि मोबाइल रखने के मुद्दे पर उसे और उसके साथियों को वाइस प्रिंसिपल के कमरे में बुलाया गया।

आरोप है कि वहां पोस्ट ग्रेजुएट टीचर पीयूष कुमार और पीटी शिक्षक रविशंकर मंडलोई ने लकड़ी के डंडे, हाथ-मुक्कों और लात से छात्रों की पिटाई की।
गंभीर आरोप: प्राइवेट पार्ट पर मारी लात
परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान एक छात्र के प्राइवेट पार्ट पर जूता पहनकर लात मारी गई, जिससे सूजन और दर्द की स्थिति उत्पन्न हो गई। अन्य छात्रों को भी डंडे और घूंसों से पीटने का आरोप लगाया गया है। छात्रों ने यह भी बताया कि घटना के दौरान शिक्षकों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
प्रिंसिपल ने अनभिज्ञता जताई
बताया गया कि 22 फरवरी की रात छात्रों ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद 23 फरवरी को छात्र के पिता विद्यालय पहुंचे और प्रिंसिपल शंकर प्रसाद से मामले में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना अनुमति मोबाइल रखने पर इस तरह की शारीरिक सजा देना अमानवीय है और शिक्षा के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
पुलगांव थाना पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की प्रारंभिक शिकायत नगपुरा पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई थी। जांच के बाद थाना पुलगांव पुलिस ने आरोपित शिक्षकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पोस्ट ग्रेजुएट टीचर पीयूष कुमार (41) और पीटी शिक्षक रविशंकर मंडलोई (54) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



