
Chhattisgarh में दो भीषण सड़क हादसे
मनेंद्रगढ़ और कोरबा में 5 लोगों की दर्दनाक मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur district में हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा Korba जिले में हुआ, जहां कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद आग लगने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नहीं, चालक फरार
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक से केल्हारी की ओर जा रहे थे। धनुहर नाले के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
केल्हारी थाना प्रभारी मनीष ध्रुवे ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। हादसे के कारणों की जांच भी जारी है।
केबिन में फंसे ड्राइवर और हेल्पर की जिंदा जलकर मौत
दूसरी घटना Korba जिले के Morga पुलिस चौकी क्षेत्र की है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे केंदई झरना के पास कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि कोयला लोड ट्रेलर कोरबा से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की ओर से आ रहा था। तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन सीमेंट ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर केबिन में ही फंस गए। आग तेजी से फैल गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
दमकल पहुंचने में हुई देरी
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से आने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो गई।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



