
नेशनल हाईवे 930 पर ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिला की मौत, 11 घायल
मोहला-मानपुर-अंबागढ़। जिले के मानपुर ब्लॉक में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 930 पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर में सवार 26 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
इरागांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर इरागांव के पास हुई। मानपुर थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। सभी ग्राम नेडगांव में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ग्राम खुर्सेखुर्द से लगभग दो दर्जन ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर निकले थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

महिला की मौत, चार गंभीर घायल
टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाकर पास के खेत में पहुंचाया। सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मानपुर लाया गया।
इलाज के दौरान 26 वर्षीय दूरपत बाई उसारे की मौत हो गई। वहीं नोहरी बाई, बिसंतीन बाई, बृज बाई और युवक सुकाल सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल चारों लोगों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों से भी सहयोग मांगा गया है, ताकि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
👉हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



