
Kanker में उजियार अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, नशीली कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार
पखांजूर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित घेराबंदी
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियार अभियान” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पखांजूर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से नशीली कफ सिरप बेचते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 17, रविंद्र पल्ली स्थित एक निर्माणाधीन मकान के सामने आरोपी मोटरसाइकिल पर कफ सिरप रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

90 नग अवैध कफ सिरप और मोटरसाइकिल जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश सरदार (29 वर्ष), निवासी पीवी-14, श्यामनगर, पखांजूर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त 90 नग अवैध कफ सिरप की बोतलें, 3,300 रुपये नगद, एक होंडा मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जिले में नशीली दवाइयों का अवैध व्यापार करने की फिराक में था। जब्त की गई सामग्री को सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ड्रग विभाग को सूचना, सप्लाई चेन की जांच
एडिशनल एसपी राकेश कुमार कुर्रे और एसडीओपी रवि कुजूर ने बताया कि 19 फरवरी को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसने नशीली दवाइयां कहां से खरीदी थीं। मामले की जांच के लिए ड्रग विभाग को भी सूचना दी गई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उसके खिलाफ अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



