
Jashpur में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, 9 आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर थाना क्षेत्र की घटना से फैली सनसनी
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। इस वारदात के सामने आने के बाद पूरे जिले में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
बुआ के घर से लौटते समय किया अपहरण
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ बुआ के घर से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में नौ युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी कुछ दूरी पर खड़े होकर घटना को देखते रहे।

बहन ने दी परिजनों को सूचना, दर्ज हुई रिपोर्ट
घटना से भयभीत बड़ी बहन किसी तरह घर पहुंची और पिता को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपियों ने मामले को दबाने के लिए पैसे देने और जान से मारने की धमकी दी थी।
चार टीमों का गठन, सभी आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने चार विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक 17 वर्षीय संघर्षरत बालक भी शामिल है, जिसे बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। अन्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामला पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए साक्ष्य एकत्र किए हैं।
अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



