
सरकारी नौकरी का झांसा देकर 25 लाख की ठगी, फिर खुद की गुमशुदगी दर्ज कराकर बनाया दबाव
बिलासपुर/जांजगीर-चांपा। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर 25 लाख रुपये की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र निवासी युवक ने ग्रामीण के बेटे और भतीजे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी फरार हो गया और अपने परिजनों से थाने में अपनी ही गुमशुदगी दर्ज करवा दी।
मामले में बिलासपुर जिले के हिर्री थाने में अदालत के आदेश पर जुर्म दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा के ग्राम उरैहा निवासी एवं पोल्ट्री फार्म संचालक अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान मुलमुला क्षेत्र के ग्राम छेड़ोलिया निवासी राजा भैया लहरे (26) से हुई।

आरोपी ने खुद को तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मंत्री अमरजीत भगत के करीबी अधिकारियों तक पहुंच रखने वाला बताया। उसने परिवार न्यायालय रायपुर और मुंगेली में सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। विश्वास जीतने के लिए वह अंबिका प्रसाद को रायपुर स्थित सरगुजा कुटीर भी ले गया, जहां एक व्यक्ति से मुलाकात कराई गई।
ऑनलाइन और नकद मिलाकर 25 लाख रुपये लिए
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अपने बेटे और भतीजे की नौकरी के लिए 17 लाख 65 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 7 लाख 35 हजार रुपये नकद दिए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी।
जब अन्य लोगों से पूछताछ की गई तो ठगी का खुलासा हुआ। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने धमकी दी और फिर अचानक लापता हो गया।
गुमशुदगी दर्ज कर पीड़ित पर ही बनाया दबाव
चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी के परिजनों ने मुलमुला थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवा दी और पीड़ित पर ही दबाव बनाने की कोशिश की। कुछ समय बाद मामला शांत होने पर आरोपी दोबारा गांव में रहने लगा।
पीड़ित ने पहले मुलमुला और फिर हिर्री थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने इसे आपसी लेनदेन का मामला बताकर एफआईआर दर्ज नहीं की।
कोर्ट के आदेश पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर अंबिका प्रसाद ने न्यायालय की शरण ली। सुनवाई के बाद अदालत ने हिर्री पुलिस को मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए। जनवरी 2026 में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



