
9.292 किलो गांजा और 1050 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के ड्रीम सिटी में छापेमारी कर पुलिस ने 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 09.292 किलोग्राम गांजा और 1050 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल सहित कुल 12,43,000 रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।

मुखबिर सूचना पर ड्रीम सिटी में रेड कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ड्रीम सिटी, पुरानी भिलाई स्थित एक मकान में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का संग्रहण एवं विक्रय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत छापेमारी की।
रेड के दौरान मौके पर मौजूद पांचों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुआ।
12.43 लाख रुपये की संपत्ति जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 09.292 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,20,000 रुपये)
- 1050 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (कीमत लगभग 4,20,000 रुपये)
- नगद 2,44,000 रुपये
- 06 मोबाइल फोन
- 01 हुंडई कार
- 01 मोटरसायकल
बरामद की है। जप्त समस्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 12,43,000 रुपये बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 22(सी), 27(क), 8 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी कौन-कौन?
गिरफ्तार आरोपियों में—
- अब्दुल लतीफ (57 वर्ष), निवासी सरगीगुड़ा, जिला बलांगीर (उड़ीसा)
- अब्दुल आकीफ (21 वर्ष), निवासी सरगीगुड़ा, जिला बलांगीर (उड़ीसा)
- प्रिंस कुमार (37 वर्ष), निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
- जितेन्द्र सिंह (38 वर्ष), निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
- बाबू अली (38 वर्ष), निवासी एकता नगर, खुर्सीपार, भिलाई
शामिल हैं।
अवैध लाभ के लिए कर रहे थे कारोबार
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से मादक पदार्थों का संग्रहण और विक्रय कर रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



