
24.500 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 12.25 लाख का माल जब्त
जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स एवं थाना पटेवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24.500 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 12 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
एनएच-53 पर नाकाबंदी कर पकड़े गए तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG 04 QV 1435) में दो व्यक्ति सरायपाली से रायपुर की ओर सफेद-नीली प्लास्टिक बोरी में गांजा परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-53 मेन रोड, मंडी के पास ग्राम जोगीडीपा में नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से प्लास्टिक बोरी में 24.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

बिहार और उत्तरप्रदेश के तस्कर महासमुंद पुलिस के जाल में
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- कालनाथ कुशवाहा उर्फ कमलेश (32 वर्ष), निवासी खैराटोला रूपहीटांड, थाना भीतहा, जिला पश्चिम चंपारण, बिहार (वर्तमान निवास – कमल होटल, कमल विहार, बजरंग चौक के पास, रायपुर)।
- राजकुमार यादव (40 वर्ष), निवासी छितौनी भीमनगर, थाना हनुमानगंज, जिला कुशीनगर, उत्तरप्रदेश (वर्तमान निवास – कमल होटल, कमल विहार, बजरंग चौक के पास, रायपुर)।
दोनों आरोपी संयुक्त रूप से गांजा का परिवहन कर रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
जब्त संपत्ति
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की—
- 24.500 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 12,25,000 रुपये)
- टीवीएस जुपिटर स्कूटी (कीमत लगभग 50,000 रुपये)
- एक स्मार्ट मोबाइल हैंडसेट (कीमत लगभग 5,000 रुपये)
- एक कीपैड मोबाइल (कीमत लगभग 500 रुपये)
वर्ष 2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई
महासमुंद पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक 38 प्रकरणों में 2494.641 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 12 करोड़ 44 लाख 48 हजार रुपये है। इन मामलों में 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



