
Korba में एकतरफा प्रेम का खौफनाक अंजाम: नाबालिग की एक झलक के चक्कर में सिरफिरे युवक ने पिता पर चलाई गोली
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एकतरफा प्रेम ने खतरनाक रूप ले लिया। एक सिरफिरे युवक ने नाबालिग युवती के पिता पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली निशाने से चूक गई और युवती के पिता बाल-बाल बच गए। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
लंबे समय से पीछा कर रहा था युवक
मामला बालको थाना क्षेत्र के ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर का है। साहू परिवार की नाबालिग बेटी के पीछे बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी लंबे समय से पड़ा हुआ था। परिवार का आरोप है कि युवक युवती से एकतरफा प्रेम करता था और लगातार उसका पीछा करता रहता था।
रास्ते में मिलने पर परेशान करना, जबरन बातचीत के लिए दबाव बनाना और डराने-धमकाने जैसी हरकतें युवक की आदत बन चुकी थीं। परिजनों ने बताया कि इन हरकतों से तंग आकर युवती के पिता ने कई बार बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

रंजिश बढ़ी, फिर चलाई गोली
शिकायतों के चलते युवक युवती के पिता से खफा हो गया था। इसी आक्रोश में उसने गुरुवार को खौफनाक कदम उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने मौका देखकर युवती के पिता पर बंदूक से गोली चला दी। गोली निशाने से चूक गई, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
त्वरित कार्रवाई: हथियार सहित गिरफ्तार
पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल मासी को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके पास से बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध। घटना के पीछे के पूरे कारणों, पूर्व में दर्ज शिकायतों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



