
Durg: Mule खातों से Cyber ठगी का नेटवर्क बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार
सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद में छापा; 13 पासबुक, 18 एटीएम कार्ड समेत आपत्तिजनक सामग्री जब्त
दुर्ग। थाना जामुल पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए साइबर अपराधियों को सहयोग कर अवैध धन अर्जित करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद स्थित गुप्ता पीजी के पास घेराबंदी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को 19 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर अवैध लेनदेन कर रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद हुए।

भारी मात्रा में बैंकिंग सामग्री जब्त
आरोपियों के कब्जे से 13 बैंक पासबुक, 07 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 04 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और ₹5,700 नकद जब्त किए गए। समन्वय पोर्टल पर सत्यापन में 02 पासबुक और 01 चेकबुक से जुड़े खातों में केरल, कर्नाटक, बिहार और गुजरात में साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज मिलीं।
इन धाराओं में मामला दर्ज
प्रकरण में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धारा 318(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। विवेचना जारी है।
आरोपी कौन-कौन
- मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन (24), अहमद नगर कैंप-02, छावनी
- हिमांशु पटेल (31), सेक्टर-01, भिलाई भट्टी
- पुट्टा राकेश बाबू (27), भीमावरम, वेस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश
- शुभम स्वाई (20), सुंदरगढ़, राउरकेला, उड़ीसा
क्या है ‘म्यूल खाता’
पुलिस के अनुसार, म्यूल खाता वह बैंक खाता होता है जिसे साइबर अपराधी अवैध रकम के लेनदेन के लिए इस्तेमाल करते हैं। खातेधारक लालच या कमीशन के बदले अपना खाता उपलब्ध कराते हैं, जिससे ठगी की रकम को ट्रांसफर कर ट्रेसिंग से बचा जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



