
Korba में 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी
परीक्षा देने नहीं पहुंचा छात्र, घर में पंखे से लटका मिला शव; सुसाइड नोट में देहदान की इच्छा
कोरबा। कोरबा में 12वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्र परीक्षा देने केंद्र नहीं पहुंचा तो शिक्षक उसके घर पहुंचे, जहां दरवाजा तोड़ने पर उसका शव पंखे से लटका मिला। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचा तो घर पहुंचे शिक्षक
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र उज्वल डडसेना (17 वर्ष) 12वीं का छात्र था और परीक्षा के दिन केंद्र पर नहीं पहुंचा। काफी देर तक अनुपस्थित रहने पर शिक्षक उसके घर पहुंचे।
रामपुर आईटीआई बस्ती स्थित घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए — छात्र का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

जेब से मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान छात्र की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें लिखा था कि उसके शव को मेडिकल कॉलेज को दे दिया जाए।
हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है।
दीदी-जीजा के साथ रहता था छात्र
उज्वल SECL DAV स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर आईटीआई बस्ती में अपनी दीदी और जीजा के साथ रहता था।
घटना के समय उसकी दीदी, जो आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका हैं, ड्यूटी पर गई हुई थीं, जबकि जीजा फोटोग्राफी कार्य से बाहर थे। घर में छात्र अकेला था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



