
नाबालिग से गैंगरेप का मामला, बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता
देर रात राहगीरों ने देखा, अस्पताल में कराया भर्ती
रायगढ़। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में नाबालिग से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवती घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच 17 फरवरी की देर रात बिजली सब स्टेशन रोड के पास राहगीरों ने उसे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रेफर
प्राथमिक जांच के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल पत्थलगांव रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

बुधवार को दर्ज हुई FIR
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने 18 फरवरी को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
पुलिस का आश्वासन, सख्त कार्रवाई होगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



