
पिथौरा की कर्मचारी कॉलोनी में बड़ी चोरी
सूने मकान को निशाना बनाकर 30 लाख के जेवर और नकदी पार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पिथौरा। पिथौरा नगर से लगे लाहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने मंगलवार-रविवार की दरमियानी रात एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा बुधवार शाम तब हुआ, जब परिवार के सदस्य घर लौटे और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया।
परिवार तीर्थ यात्रा पर, घर खाली मिला
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक और उनकी पत्नी गुजरात तीर्थ यात्रा पर गए थे। उनकी पुत्री प्रेमलता नायक खाटूश्याम दर्शन के लिए बाहर थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक और बहू अंजू नायक रायपुर गए हुए थे। मकान में रहने वाली किरायेदार भी उस रात बाहर थी।
घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

ग्राइंडर से काटा ताला, आलमारी तोड़ी
बताया जा रहा है कि चोरों ने मुख्य गेट पर लगे बड़े ताले को ग्राइंडर मशीन से काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अंदर रखी आलमारी को तोड़कर करीब 10 तोला सोने के जेवर, 150 तोला चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये से अधिक नकदी चोरी कर ली।
परिजनों के अनुसार कुल नुकसान लगभग 30 लाख रुपये के आसपास आंका जा रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
कर्मचारी कॉलोनी में इससे पहले भी चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। कुछ महीने पहले पास के एक व्यवसायी की कार से करीब 10 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
लगातार हो रही घटनाओं से कॉलोनीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रात की गश्त बेहद कम है, जिसका फायदा चोर गिरोह उठा रहे हैं। रहवासियों ने पुलिस से नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की मांग की है।
जांच जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



