
Bilaspur में थाने से फरार हुआ चेन स्नेचिंग आरोपी
सुरक्षा में चूक, हथकड़ी खुलवाकर बाथरूम के बहाने भागा आरोपी
बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग के एक आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी मोहन कोल, निवासी ग्राम नेवरा, को रविवार को पूछताछ के बाद थाने में रखा गया था। उसे सोमवार सुबह कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही थी, तभी वह मौका पाकर भाग निकला।
जानकारी के अनुसार, तखतपुर थाना क्षेत्र के बेलपान में माघी मेला के दौरान चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। सूचना मिलते ही टीआई विवेक पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हुलिए के आधार पर आरोपी को पकड़कर थाने लाया गया।

बाथरूम जाने के बहाने खुलवाई हथकड़ी
पुलिस के मुताबिक हिरासत में रखे आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर हथकड़ी खोलने की मांग की। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक सुरेंद्र डहरिया ने उसे अनुमति दे दी। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर थाने से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
आरक्षक सस्पेंड, जांच के आदेश
मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। एसएसपी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक सुरेंद्र डहरिया को निलंबित कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस अब फरार आरोपी मोहन कोल की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



