
Durg: 1 करोड़ 19 लाख की NPS बीमा धोखाधड़ी का खुलासा
जीवित लोगों को मृत बताकर किया गया फर्जी क्लेम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग, 17 फरवरी 2026। थाना पाटन क्षेत्र में राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़ी 1 करोड़ 19 लाख रुपये की बड़ी बीमा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने इस संगठित ठगी का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एचडीएफसी लाइफ की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मामला तब उजागर हुआ जब एचडीएफसी लाइफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक ने 16 फरवरी 2026 को थाना पाटन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एनपीएस खातों से फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि अवैध रूप से निकाली गई है।

इस पर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 316, 318, 336(2), 337, 338, 339, 340(2), 61(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर निकाली राशि
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाते हुए जाली मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए। इसके साथ ही फर्जी आधार कार्ड, केवाईसी दस्तावेज एवं अन्य पहचान पत्रों का उपयोग कर बीमा दावा प्रस्तुत किया गया।
एक मामले में तो सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम से मृत्यु दावा पेश किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जांच के दौरान जीवित पाए गए।
मृत्यु प्रमाण पत्रों में समान पते, अमान्य क्यूआर कोड और संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन जैसी गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं।
ऑनलाइन सेवा केंद्र से संचालित हो रहा था फर्जीवाड़ा
मुख्य आरोपी राजेश कनोजिया (44 वर्ष), निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। वह दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता था।
आरोप है कि वह एनपीएस निकासी के नाम पर ग्राहकों से आधार, पैन और बैंक संबंधी जानकारी लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और मृत्यु दावा प्रस्तुत करता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एचडीएफसी लाइफ का पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड किए और सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार किया।
जप्त सामग्री और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से 10,000 रुपये नकद एवं फर्जी दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



