
Durg: बेटे ने मां पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाला, गिरफ्तार
धार्मिक मूर्तियां तोड़ीं, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी; 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में एक बेटे द्वारा अपनी मां पर धर्म परिवर्तन के लिए जबरन दबाव डालने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी होशांग वर्मा ने पहले खुद ईसाई धर्म अपनाया और फिर अपनी मां सरोज वर्मा को भी ईसाई बनने के लिए लगातार मजबूर किया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी दी और घर में तोड़फोड़ की। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायत के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी,BNS और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत केस दर्ज
पीड़िता सरोज वर्मा (52 वर्ष), निवासी रिसाली ने 16 फरवरी को नेवई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका बेटा होशांग वर्मा खुद ईसाई धर्म अपनाने के बाद उन्हें भी ईसाई बनने के लिए दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को तोड़ दिया, पूजा-पाठ में बाधा डाली, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही प्राथमिक जांच शुरू की। पर्याप्त सबूत मिलने पर 24 घंटे के भीतर आरोपी होशांग वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), 299 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 3 एवं 4 (जबरन या प्रलोभन से धर्म परिवर्तन) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घरेलू हिंसा और धार्मिक दबाव का गंभीर उदाहरण,पुलिस ने अन्य अपराधों की भी जांच शुरू की
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव, हिंसा, तोड़फोड़ और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। आरोपी के घरेलू और सामाजिक व्यवहार की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी के अन्य संभावित अपराधों की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



