
गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक को भाई ने पेट्रोल डालकर जलाया, तालाब में कूदकर बचाई जान
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम कटओत में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के भाई ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मिलने बुलाया, घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, कनकी (थाना उरगा, कोरबा) निवासी 21 वर्षीय विशु सारथी का कटओत निवासी 19 वर्षीय चांदनी से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 5 बजे चांदनी ने विशु को फोन कर गांव मिलने बुलाया था।
विशु जैसे ही कटओत पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे चांदनी के भाई ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

तालाब में कूदकर बचाई जान
आग की लपटों में घिरा विशु जान बचाने के लिए चीखता हुआ पास के तालाब की ओर भागा और पानी में कूद गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, युवक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध
अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित युवक का बयान दर्ज कर लिया है। विशु ने बताया कि उसका और चांदनी का पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। उसने आरोप लगाया कि युवती के भाई ने जानबूझकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई।
घटना के दौरान कई स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात देखी और पुलिस को सूचना दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



