
सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, लगभग 3.95 लाख की संपत्ति बरामद
खैरागढ़ (केसीजी)। जिले में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले आदतन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और औजार सहित कुल लगभग 3,95,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
अलग-अलग थानों में दर्ज थे मामले
थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 305-ए बीएनएस तथा चौकी जालबांधा (थाना खैरागढ़) में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 331(4), 305-ए बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किए गए थे।
प्रार्थी सुनील साहू, निवासी उदयपुर (थाना छुईखदान) ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि खेत से लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और आलमारी तोड़कर 30 हजार रुपये नगद सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए।

इसी प्रकार ग्राम बफरा निवासी रेखचंद साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि शादी समारोह से लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और नगदी 15 हजार रुपये तथा आभूषण चोरी हो गए।
संयुक्त टीम गठित कर की गई कार्रवाई
मामलों की गंभीरता को देखते हुए केसीजी पुलिस द्वारा थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा एवं साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी के पैटर्न के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू के जेल से छूटने के बाद संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद ओमप्रकाश साहू और दिलेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला कई वारदातों का जुर्म
पूछताछ में आरोपियों ने 11 फरवरी 2026 को उदयपुर, 10 फरवरी 2026 को ग्राम बफरा (जालबांधा) तथा 7 फरवरी 2026 को चौकी लिटिया दुर्ग के ग्राम बिरेझर में सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर से चोरी के आभूषण और नगदी बरामद की गई।
बरामद संपत्ति का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –
- सोने के 12 लॉकेट
- सोने का कान का टॉप्स (1 जोड़ी)
- सोने की ईयरिंग (1 जोड़ी)
- चांदी का लच्छा (1 जोड़ी)
- चांदी की पायल (8 जोड़ी)
- करधन, बिछिया, कड़ा
- नगदी 5,000 रुपये
- दिलेश्वर साहू से 1,500 रुपये नगद
- वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं सब्बल
कुल लगभग 3,95,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों के नाम –
- ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष), निवासी करमतरा, चौकी जालबांधा, थाना खैरागढ़
- दिलेश्वर साहू (23 वर्ष), निवासी करमतरा, चौकी जालबांधा, थाना खैरागढ़
दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



