
Korba: बुधवारी बाईपास पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
पांच वर्षीय मासूम समेत चार घायल, दो की हालत गंभीर
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार रात करीब 8 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक पांच वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
श्रीवास भवन के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुई। एक तेज रफ्तार बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। वहीं दूसरी बाइक टीपी नगर की ओर से आ रही थी, जिस पर पति-पत्नी और उनका पांच वर्षीय बच्चा सवार था।
दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मासूम को गंभीर चोट, मां के सिर पर आई चोट
हादसे में पांच साल के बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसकी मां के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
अतिक्रमण और तेज रफ्तार बन रहे हादसों का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर चारपहिया वाहन खड़े रहने और दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण किए जाने से यातायात प्रभावित होता है। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश के चलते इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



