
बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने लगाई फांसी
जांजगीर-चांपा के धरदेई गांव में हृदयविदारक घटना, इलाके में शोक
जांजगीर-चांपा। जिले से एक दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के गहरे सदमे में उसके माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह घर के पास पेड़ पर दोनों के शव एक साथ फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

कुछ दिन पहले सड़क हादसे में हुई थी बेटे की मौत
मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव का है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47 वर्ष) और कृष्णा पटेल (48 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु के बाद से दोनों गहरे मानसिक आघात में थे।
सुबह पेड़ पर लटके मिले दोनों के शव
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास पेड़ पर दोनों को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानसिक आघात की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में बेटे की मौत से उत्पन्न गहरे सदमे को आत्मघाती कदम का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



