
ट्यूशन से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र की सड़क हादसे में मौत
तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार मासूम को मारी टक्कर, इलाके में शोक
जगदलपुर। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ट्यूशन से घर लौट रहा 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई सड़क हादसे का शिकार हो गया। बोधघाट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दक्ष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दोस्तों के साथ लौट रहा था घर
जानकारी के अनुसार, आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का बेटा दक्ष पिल्लई कालीपुर स्थित हेम एकेडमी में कक्षा सातवीं का छात्र था। शनिवार शाम करीब 5:45 बजे वह अपने तीन दोस्तों के साथ साइकिल से ट्यूशन से घर लौट रहा था।
एलआईसी रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा
एलआईसी रोड पर माहरा समाज भवन के पास पहुंचते ही धरमपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, उठे कई सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



