
Balod: दफन स्थल से छेड़छाड़ की आशंका, गांव में सनसनी
कटा नींबू, दीये और अगरबत्ती मिलने से तंत्र-मंत्र की चर्चा तेज
बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद-बी में तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की मौत के बाद दफनाए गए स्थान से छेड़छाड़ की आशंका ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। दफन स्थल के पास कटा हुआ नींबू, मिट्टी के दीये और अगरबत्ती मिलने से ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र के तहत शव से छेड़छाड़ की आशंका गहरा गई है।

9 अक्टूबर को हुई थी मासूम की मौत
जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को प्रिया साहू (3 वर्ष) की मृत्यु के बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग के पास दफनाया था। शुक्रवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दफन स्थल को अव्यवस्थित देखा।
स्थल के पास तंत्र-विद्या से जुड़े सामान पड़े देख ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी ने रात के समय कब्र से छेड़छाड़ की है। इसके बाद अन्य ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

चार फीट नीचे मिला कंकाल, सिर गायब
दोपहर करीब 1:45 बजे पुलिस, राजस्व अमले और ग्रामीणों की मौजूदगी में खुदाई शुरू हुई। लगभग चार फीट नीचे बच्ची का कंकाल दिखाई दिया। जब सावधानीपूर्वक अवशेष निकाले गए तो पाया गया कि कंकाल से सिर गायब है।
यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों में दहशत, हर पहलू से जांच
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



