
रायगढ़ में बाड़ी में काम कर रही महिला से दुष्कर्म, गांव का युवक गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बाड़ी में काम के दौरान हुआ दुष्कर्म
1 जुलाई 2025 को पीड़िता ने कोतरारोड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 8 मई 2025 की सुबह वह अपनी बाड़ी में अकेले काम कर रही थी। उसका पति रोजाना सुबह काम पर जाता है और देर शाम लौटता है। इसी दौरान गांव का ही सागर सिदार उर्फ खीरसागर (27) वहां पहुंचा और उसे जबरन खींचकर घर के एक कमरे में ले गया। वहां उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने उसी रात अपने पति को घटना की जानकारी दी, लेकिन सामाजिक लज्जा और आरोपी की धमकियों के डर से उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की।
आरोपी ने दोबारा दी धमकी
30 जून 2025 की शाम को सागर सिदार फिर से पीड़िता के घर पहुंचा और उसे पुरानी घटना का जिक्र करते हुए धमकी दी। इस बार पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और कोतरारोड़ थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और अपराध क्रमांक 279/2025 के तहत धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के निर्देशन में महिला उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर सिदार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को 2 जुलाई 2025 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



