
टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा, 1.80 लाख नगदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
तिल्दा-नेवरा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चल रहा था अवैध सट्टा
रायपुर (ग्रामीण)। रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते एक आरोपी को लाखों रुपये नगदी के साथ गिरफ्तार किया है। मामला थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्रांतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका का है, जहां एक मकान में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई रेड कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने 14 फरवरी को बताए गए पते पर रेड कार्रवाई की, जहां एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) निवासी रोहतक (हरियाणा), वर्तमान में कोहका, तिल्दा-नेवरा बताया।
मोबाइल में मिले सट्टा ऐप्स, लाखों की नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें 777 GRAND EXCHANGE और JMD BET आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।
आरोपी के कब्जे से 1,80,000 रुपये नगद, 3 मोबाइल फोन (कीमत 75,000 रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टे से संबंधित 6 हिसाब-किताब की कॉपियां, 1 डॉट पेन और 1 कैलकुलेटर जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2,55,000 रुपये आंकी गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा जब्त बैंक खातों की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर प्रकरण में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



