
निर्माणाधीन मकान में खड़ी मोटरसाइकिल को लगाई आग, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलगांव थाना क्षेत्र की घटना, इलाके में फैली सनसनी
दुर्ग। दुर्ग शहर के पुलगांव थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के भीतर खड़ी मोटरसाइकिल को अज्ञात आरोपी द्वारा आग के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शिकायत के आधार पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाल में खड़ी थी हीरो एचएफ डीलक्स
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी विनोद निषाद अपने परिवार के साथ नया मकान बनवा रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान मकान के हाल में उनकी मोटरसाइकिल Hero HF Deluxe (क्रमांक CG 07 BP 3840) खड़ी की गई थी।
13 फरवरी की सुबह जब परिवार के सदस्यों ने मकान का निरीक्षण किया, तो मोटरसाइकिल जली हुई हालत में पड़ी मिली। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई।

करीब 10 हजार रुपए का नुकसान
घटना की जानकारी मिलते ही विनोद निषाद ने पुलगांव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मकान में घुसकर मोटरसाइकिल में आग लगा दी। इस घटना से उन्हें लगभग 10 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आगजनी का मामला प्रतीत होता है। हालांकि घटना के पीछे शरारती तत्वों की संलिप्तता या किसी निजी रंजिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



