
नाबालिग की गला काटकर हत्या, आरोपी चचेरे भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम मोहरा में जमीन बंटवारे के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। 11 फरवरी की शाम करीब 5 बजे एक नाबालिग लालसाय की गला काटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गहुआ भादा जंगल में मिला। हैरानी की बात यह है कि हत्या की सूचना खुद आरोपी ने मृतक के मामा को फोन कर दी थी। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है।
फोन पर दी हत्या की सूचना
जानकारी के मुताबिक 11 फरवरी को लालसाय के मामा मंगलसाय के पास एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। यह सुनकर मंगलसाय ने तत्काल लालसाय के पिता मंगलू पंडो को सूचना दी।
परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। देर शाम तक शव नहीं मिलने पर अंधेरा होने के कारण परिवार वापस लौट आया।

जंगल में मिला शव, गले पर गहरे वार
12 फरवरी की सुबह परिजन दोबारा जंगल पहुंचे। गहुआ भादा की पगडंडी के पास उन्हें लालसाय का शव मिला। नाबालिग का गला कटा हुआ था और शरीर पर कई चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
मामले की जानकारी देते हुए सूरजपुर एएसपी योगेश देवांगन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक लालसाय का अपने बड़े पिता के बेटे देवसाय पंडो (28 वर्ष) से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर देवसाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
नहलाने के बहाने जंगल ले गया
पुलिस के अनुसार घटना के समय लालसाय घर में अकेला था। उसके पिता बाजार गए थे और मां नहाने गई हुई थी। आरोपी ने तीन वर्षीय बच्चे को नहलाने के बहाने लालसाय को नदी की ओर बुलाया। आरोपी अपने साथ टांगी लेकर गया था।
नहलाने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ा, जिसके बाद आरोपी लालसाय को भादा जंगल की ओर ले गया और टांगी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लालसाय भागने की कोशिश में गहुआ भादा की ओर गिर पड़ा, जहां आरोपी ने दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी देवसाय पंडो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



