
पत्नी पर चापड़ से हमला, बचाने आई मां और बहन भी घायल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वैष्णोदेवी मंदिर के पास एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंची आरोपी की मां और बहन भी हमले का शिकार हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कमरे में बंद कर किया हमला
पुलिस के अनुसार आरोपी रामेश्वर साहू का अपनी पत्नी सुकृता साहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य घबरा गए।

दरवाजा खुलते ही मां-बहन पर भी वार
पत्नी की आवाज सुनकर आरोपी की मां सांवन् साहू और बहन निर्मला साहू मौके पर पहुंचीं। दोनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। जैसे ही दरवाजा खुला, आरोपी ने अपना आपा खोते हुए मां और बहन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस की टीम पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पत्नी की हालत नाजुक
चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी सुकृता साहू की स्थिति सबसे ज्यादा नाजुक है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रामेश्वर साहू के खिलाफ पहले भी पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था और वह जेल जा चुका था। बाद में समझौते के बाद दोनों फिर साथ रहने लगे थे। लेकिन एक बार फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



