
यूट्यूबर की हरकत से वकीलों में हड़कंप, FIR होते ही फरार
कोरबा। पत्रकार बनकर वकीलों से कथित वसूली करने पहुंचे एक यूट्यूबर की हरकत से जिला न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में वकीलों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी मुकेश भारती के खिलाफ मारपीट और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
महिला प्रसाधन के पास बना रहा था वीडियो
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ समय से कोरबा न्यायालय में घूम-घूमकर वकीलों के खिलाफ अपने यूट्यूब चैनल पर खबरें चला रहा था। बताया जा रहा है कि इस बार उसे महिला बाथरूम के पास वीडियो बनाते देखा गया। इस पर वकील उससे पूछताछ करने पहुंचे तो बहस की स्थिति बन गई।

हर महीने 10 हजार रुपये की मांग का आरोप
वकीलों का आरोप है कि आरोपी ने कथित रूप से खबर न चलाने के एवज में हर महीने 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया। इसी दौरान झूमाझटकी की स्थिति बन गई और आक्रोशित वकीलों ने उसे घेर लिया। हालांकि भीड़ का फायदा उठाकर वह मौके से भाग निकला।
सैकड़ों वकील पहुंचे थाने
घटना के बाद बड़ी संख्या में वकील सिविल लाइन थाना पहुंचे और महिला प्रसाधन का वीडियो बनाने व ब्लैकमेलिंग को गंभीर अपराध बताते हुए एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी विवादों में रहा है नाम
बताया जा रहा है कि नगर निगम सभापति चुनाव के दौरान पार्षदों की खरीद-फरोख्त की कथित प्लानिंग से जुड़ा एक ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी का नाम सामने आया था। इसके अलावा उसके सगे भाई ने भी कुछ समय पहले बालको नगर थाने में ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


