
शर्मनाक: रायपुर के स्कूल में प्रधान पाठक की घृणित करतूत, महिला वॉशरूम में छिपाकर बनाता था वीडियो
रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बिलाड़ी स्थित मिडिल स्कूल से एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल के महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर वीडियो रिकॉर्ड करने का गंभीर आरोप स्कूल के प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक भूपेंद्र कुमार साहू पर लगा है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला वॉशरूम में मिला रिकॉर्डिंग करता मोबाइल
1 जुलाई को स्कूल की एक महिला शिक्षिका जब वॉशरूम गई, तो उनकी नजर वहां रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। मोबाइल चालू हालत में था और उसमें वीडियो रिकॉर्डिंग चल रही थी। शिक्षिका ने तुरंत इसकी जानकारी अन्य शिक्षिकाओं और स्कूल स्टाफ को दी, जिसके बाद पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षिकाओं ने इस गंभीर मामले की शिकायत तिल्दा-नेवरा थाने में दर्ज कराई।
भूपेंद्र कुमार साहू ने कबूली करतूत
पुलिस जांच में पता चला कि यह मोबाइल स्कूल के प्रधान पाठक भूपेंद्र कुमार साहू (44) का है। पूछताछ में साहू ने स्वीकार किया कि वह पिछले दो महीनों से महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। उसने बताया कि वह रिकॉर्ड किए गए वीडियो को अपने दूसरे मोबाइल और लैपटॉप में ट्रांसफर कर देखा करता था। इस घृणित कृत्य ने स्कूल के माहौल को भय और अविश्वास से भर दिया है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, सायबर सेल को भेजा मोबाइ
लतिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं 66D, 77 और IPC की धारा 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से वीडियो डिलीट पाए गए हैं, लेकिन सबूत जुटाने के लिए मोबाइल को सायबर सेल भेज दिया गया है। पुलिस ने भूपेंद्र कुमार साहू को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
शिक्षिकाओं और अभिभावकों में डर का माहौल
इस घटना के बाद स्कूल की महिला शिक्षिकाएं सदमे में हैं और अभिभावक अपनी बेटियों को स्कूल भेजने में हिचक रहे हैं। स्कूल का माहौल पूरी तरह से अविश्वास और भय से ग्रस्त हो गया है। शिक्षिकाओं ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत की थी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस का सहारा लिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



