
Sakti में दर्दनाक सड़क हादसा: शिक्षक की मौके पर मौत
ड्यूटी जाते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
सक्ती। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिक्षक अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, तभी डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
नौरंगे फैब्रिकेशन के पास हुआ हादसा
घटना डभरा थाना क्षेत्र के खरसिया मुख्य मार्ग स्थित लक्ष्मणभाटा के नौरंगे फैब्रिकेशन के पास की है। मृतक शिक्षक की पहचान रघुनंदन चंद्रा (42 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। शिक्षक को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक मार्ग जाम रहा और यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने समझाइश देकर हटाया जाम
सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर सड़क को खाली कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



