
Raigarh: पिता-बेटे की एक साथ अर्थी निकली, रोया पूरा गांव
मंगल कार्बन प्लांट दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत, एक दिन पहले 9 माह की बच्ची को किया था दफन
रायगढ़। जिले के मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, बेटा और 9 माह की मासूम बच्ची शामिल हैं।
परिवार ने एक दिन पहले ही 9 माह की बच्ची को दफनाया था, लेकिन अगले ही दिन हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पिता और बेटे ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गांव पहुंचते ही गमगीन हुआ माहौल
गुरुवार को साहेबलाल खड़िया (46) और उनके बेटे शिव खड़िया (27) का शव रजघट्टा गांव स्थित उनके घर लाया गया। घर में पहले से ही परिवारजन, रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद थे। हर आंख नम थी और पूरे गांव में शोक का माहौल था।

दोनों शवों को घर के आंगन में सफेद कफन से ढंककर रखा गया। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे।
पिता के सामने बेटे और पोते की अर्थी
साहेबलाल के पिता कुंजराम खड़िया (70) अपने बेटे और पोते के शव के पास बैठकर उन्हें निहारते रहे। उम्र और सदमे के कारण उनकी आंखों में आंसू तो थे, लेकिन रोने की ताकत मानो खत्म हो चुकी थी।
पास ही बैठी बहू आशा खड़िया बिलख-बिलख कर रो रही थीं। घर के आंगन से उठती सिसकियों की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी। साहेबलाल की बेटी और शिव की बहन आरती भी एक कमरे में गुमसुम बैठी रहीं।
एक साथ निकली पिता-पुत्र की अर्थी
कुछ समय बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की। दोपहर करीब ढाई बजे पिता और पुत्र की अर्थी एक साथ घर से निकली। गांव के लोगों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



