
कोयला लोड ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत
दो गंभीर घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सूरजपुर। जिले के सोनगरा-बोझा मार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मायापुर द्वितीय के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8375) ने बाइक को टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गदे राम (26) और ननकू राम (29) पारिवारिक विवाद के चलते तनाव में थे। बताया गया कि ननकू राम ने अपने ससुराल में गला काटकर आत्मघाती कदम उठाया था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने निकले।

गदे राम और बाइक चालक संतोष, ननकू को लेकर सोनगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे गदे राम ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं संतोष और ननकू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हादसे से आक्रोशित होकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम ललित भगत, तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, थाना प्रभारी सरफराज फिरदौशी और चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को पहले सोनगरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ननकू राम को जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों का इलाज जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



