
Durg : खेल मैदान और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों से मोबाइल चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार
थाना भिलाई नगर पुलिस ने खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान सामने आया मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 नवंबर 2025 को सेक्टर-7 भिलाई में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खड़ी गाड़ियों से 3 मोबाइल फोन, कार की चाबी एवं अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 663/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
लगातार मिल रही थीं चोरी की शिकायतें
विवेचना के दौरान यह सामने आया कि खेल मैदानों और विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की डिक्की से मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं। पुलिस ने सतत निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही शुभम श्रीवास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्कूटी और अन्य वाहनों की डिक्की से मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी करता था।
मोबाइल अनलॉक कर खातों से करता था ऑनलाइन लेनदेन
आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल फोन को सामान्य लॉक पैटर्न के जरिए अनलॉक कर संबंधित बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना भी कबूल किया है। यह तरीका अपनाकर वह लोगों के खातों से रकम निकालता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

आरोपी का विवरण
•नाम: शुभम श्रीवास
•उम्र: 24 वर्ष
•निवासी: कातुलबोर्ड हरिनगर, दुर्ग
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



