
शराबी पति की दरिंदगी! विवाद के बाद पत्नी और साली पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार
गौरेला (GPM) : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक शराबी पति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी और वहां मौजूद साली पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी दोनों बहनों ने किचन में रखे पानी से किसी तरह जान बचाई और झुलसी हुई हालत में खुद ही ऑटो कर अस्पताल पहुंचीं।
ASP निवास के सामने सुलभ शौचालय में रहता था परिवार
घटना गौरेला थाना क्षेत्र की है। आरोपी शंकर (निवासी इलाहाबाद) एडिशनल एसपी (ASP) निवास के सामने स्थित सुलभ शौचालय में केयरटेकर के रूप में कार्यरत है और वहीं अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी पूजा (निवासी बुढार, MP) और उसकी साली काजल भी वहां मौजूद थीं।

शराब के नशे में बाहर निकाली गाड़ी से पेट्रोल
पुलिस के अनुसार, शंकर आदतन शराबी है। बीती रात नशे की हालत में उसका पत्नी पूजा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि शंकर ने बाहर खड़ी बाइक से पेट्रोल निकाला और अपनी पत्नी व साली पर छिड़ककर माचिस जला दी। आग लगने के बाद दोनों बहनों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किचन में रखे पानी को शरीर पर डाला और आग बुझाई। झुलसी हुई हालत में दोनों सड़क पर आईं और एक ऑटो रुकवाकर सीधे जिला अस्पताल गौरेला पहुंचीं।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद आरोपी शंकर मौके से फरार हो गया था, जिसे गौरेला पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। दोनों पीड़िताओं के हाथ और कंधे काफी ज्यादा झुलस गए हैं। फिलहाल उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस उनके बयान दर्ज करने का इंतजार कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



