
बारात में डांस कर रहे लोगों को कैप्सूल वाहन ने मारी टक्कर
सारंगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन बाल-बाल बचे, 4 महिलाएं घायल
जांजगीर-चांपा। जिले में देर रात एक बारात के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। डीजे पर डांस कर रहे बारातियों को एक कैप्सूल वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान मौजूद सारंगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन को कोई चोट नहीं आई।

शादी समारोह में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन के चाचा के बेटे की शादी का कार्यक्रम था। बारात सारंगढ़ से जांजगीर जिले के बिर्रा से घिवरा रोड स्थित भाटापारा पहुंची थी। देर रात करीब 12 बजे बारात निकाली जा रही थी और डीजे की धुन पर लोग नाच रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने डांस कर रहे लोगों को ठोकर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने चालक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वाहन को जब्त कर चालक को थाने लाया गया। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई है।
घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल चार महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



