
ऑपरेशन शंखनाद: 32 गौवंश मुक्त, मशहूर मवेशी तस्कर गिरफ्तार
लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा ले जाए जा रहे थे मवेशी
रायगढ़। जिले में गौवंश तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 नग गौवंश को मुक्त कराया है। इस मामले में एक कुख्यात मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 10 फरवरी को सूचना मिली थी कि ग्राम करवारजोर निवासी रब्बुल खान मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते और भूखे-प्यासे हालत में उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी रब्बुल खान (39 वर्ष), पिता काशिम खान, निवासी करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ है।

2.56 लाख के गौवंश बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 नग गौवंश बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मवेशियों को बूचड़खाने की ओर ले जा रहा था।
मुक्त कराए गए मवेशियों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया है।
पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 मवेशी तस्करों से 8 नग मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि जिले में ऑपरेशन शंखनाद के तहत अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक परक्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



