
बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: निर्माणाधीन कोर्ट भवन से निकलते ट्रक ने छात्र को मारी टक्कर
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिला कोर्ट के सामने निर्माणाधीन कोर्ट बिल्डिंग से निकल रहे ट्रक ने बाइक सवार एक छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था छात्र
मृतक की पहचान मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी तहसीलदार हनुमंत सिंह श्याम के बेटे थे। वर्तमान में उनके पिता की पदस्थापना बालोद जिले के गुरूर ब्लॉक में है। मणिंद्र बिलासपुर के सकरी क्षेत्र स्थित रामा लाइफ सिटी में किराए के मकान में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे वह रोज की तरह बाइक से घूमने निकला था।

ट्रक चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की पुरानी बिल्डिंग की जगह जिला कोर्ट के नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री लेकर ट्रक (सीजी 29 एसी 0934) का चालक वहां पहुंचा था। सुबह करीब 5 बजे मटेरियल खाली करने के बाद जब वह बाहर निकल रहा था, तब उसने मुख्य सड़क पर वाहन ले जाने से पहले आसपास नहीं देखा। उसी समय मणिंद्र नेहरू चौक की ओर से आ रहा था। अचानक सामने ट्रक आने से वह घबरा गया और उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मणिंद्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। जहां करीब एक घंटे तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



