
Jashpur: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत
भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर घायल, एक को किया गया रेफर
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किनकेल इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
किस्त जमा कर लौट रहा था युवक, दूसरे बाइक सवार पिकनिक से वापस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय एक बाइक पर सवार युवक अपने वाहन की किस्त जमा कर घर लौट रहा था। वहीं दूसरी बाइक पर तीन युवक पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किनकेल के पास दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल तीनों युवकों को तत्काल जिला चिकित्सालय जशपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने शुरू की हादसे के कारणों की जांच
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान प्रारंभिक जांच के आधार पर की जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार तेज गति में थे और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना में कोई अन्य बाहरी कारण या लापरवाही तो शामिल नहीं थी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



