
Ambikapur : अंबेडकर चौक में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख
अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ऑटोमोबाइल, फर्नीचर और डेकोरेशन की कुल 8 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि लपटें करीब 30 फीट तक उठती नजर आईं। इस हादसे में सवा करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

फर्नीचर दुकान से शुरू हुई आग
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर चौक में संचालित एक फर्नीचर दुकान में सुबह करीब 4 बजे आग लगी। दुकान में रखे प्लास्टिक और फोम के सामानों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पास की दुकानों तक पहुंच गई।
राहगीर की सूचना से खुली आंखें
करीब 4:30 बजे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दुकान के बोर्ड पर लिखे नंबर पर संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर आग की जानकारी दी। इसके बाद राकेश अग्रवाल ने तुरंत फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल 112 को सूचना दी।

एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
आग लगने की सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
नाश्ते की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट
आग फैलते हुए पास की नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई, जहां रखे छोटे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इससे नाश्ते की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई और स्थिति और भी गंभीर हो गई।
फैक्ट्री भी आई चपेट में
बताया गया कि राकेश अग्रवाल की दुकानों के पीछे फर्नीचर निर्माण और पेंटिंग की फैक्ट्री भी संचालित थी। आग ने फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालात बिगड़ते देख अंबिकापुर फायर ब्रिगेड के साथ दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया, जिसकी मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप
दुकान संचालक राकेश अग्रवाल ने फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि टीम समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान सिर्फ 20 प्रतिशत तक सीमित रहता। करीब 45 मिनट तक फायर ब्रिगेड के नहीं पहुंचने पर उन्होंने एएसपी अमोलक सिंह के निजी नंबर पर भी कॉल किया, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।

ई-रिक्शा और इलेक्ट्रॉनिक्स का भारी नुकसान
आगजनी में ई-रिक्शा, बैटरी, मारुति इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ा कीमती माल पूरी तरह जल गया। ऑटोमोबाइल दुकान के सभी सामान भी राख हो गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल गांधीनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



