March 6, 2026
Durg : बिना हेलमेट बाइक चलाने का मामला बना सियासी विवाद, NSUI नेता पर FIR

Durg : बिना हेलमेट बाइक चलाने का मामला बना सियासी विवाद, NSUI नेता पर FIR

Feb 10, 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बिना हेलमेट बाइक चलाने का मामला अब राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम में NSUI दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है। मामला दुर्ग ट्रैफिक थाना में ट्रैफिक टीआई के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़ा हुआ है।

ट्रैफिक टीआई से कार्रवाई की मांग, चूड़ी-साड़ी भेंट का प्रयास

जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी को NSUI के कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दुर्ग ट्रैफिक थाना पहुंचे थे। NSUI दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ट्रैफिक टीआई युवराज साहू से मंत्री पर नियमों के तहत कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान NSUI नेताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के रूप में चूड़ी, बिंदी और साड़ी भेंट करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान ट्रैफिक टीआई के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया।

 

ट्रैफिक टीआई की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

घटना के बाद ट्रैफिक टीआई युवराज साहू की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने NSUI नेता वरुण केवलतानी समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 126(2)-BNS, 132-BNS, 221-BNS और 3(5)-BNS के तहत केस कायम किया है।

 

क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला 23 जनवरी की सुबह का है। दुर्ग शहर विधायक एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ शहर भ्रमण पर निकले थे। उस समय जिले में यातायात जागरूकता सप्ताह भी चल रहा था। इसी दौरान मंत्री बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए। खास बात यह रही कि इसका वीडियो खुद मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था, जो बाद में वायरल हो गया।

 

मंत्री के बयान ने बढ़ाया विवाद

मामले के तूल पकड़ने के बाद मीडिया ने शिक्षा मंत्री से सवाल किया। जवाब में मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक हेलमेट नियमों में शिथिलता रहती है। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 7 बजकर 10 मिनट पर निकले थे, इसलिए उस समय हेलमेट पहनना अनिवार्य नहीं था। मंत्री ने यह भी कहा, “कैबिनेट मंत्री शहर में घूम रहा है, यह भी समाचार है और बिना हेलमेट घूम रहा है, यह भी समाचार है?”

ट्रैफिक पुलिस ने नहीं की मंत्री पर कार्रवाई

मंत्री के बिना हेलमेट बाइक चलाने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा कोई चालानी कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर NSUI ने विरोध का रास्ता अपनाया और ट्रैफिक थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी उठाए सवाल

दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी इस मामले में शिक्षा मंत्री पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस स्कूल-कॉलेज के छात्रों और आम जनता का चालान काट रही है, जबकि शिक्षा मंत्री खुद बिना हेलमेट के शहर में घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी माह के दौरान मंत्री और उनके साथ चल रहे लोग भी बिना हेलमेट नजर आए, जो नियमों की अनदेखी और लापरवाही को दर्शाता है। राकेश ठाकुर ने कहा कि “दूसरों को हेलमेट पहनने की सीख देने वाले मंत्री का खुद बिना हेलमेट घूमना शोभा नहीं देता।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix