
Raigarh: मंगल कार्बन प्लांट हादसे में 9 माह की भूमि ने हारा जीवन, 80% झुलसी मासूम की रायपुर में मौत
रायगढ़: रायगढ़ जिले के खरसिया (बानीपाथर) स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे के चार दिन बाद एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। इस अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसी 9 माह की मासूम बच्ची भूमि खड़िया ने सोमवार शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची लगभग 80-90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी और रायपुर के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था।
क्या था पूरा मामला?
यह दर्दनाक हादसा 5 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे हुआ था। ग्राम बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर तेल निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान टायर गलाने वाले ब्लाडर का प्रेशर नट अचानक खुलने से जोरदार ब्लास्ट हुआ और गर्म गैस व आग की लपटों ने वहां मौजूद मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।
एक ही परिवार के 4 सदस्य झुलसे
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। झुलसने वालों में साहेब लाल खड़िया का पूरा परिवार शामिल था:
- मृतक: भूमि खड़िया (9 माह की मासूम पुत्री)।
- घायल: साहेब लाल खड़िया (46 वर्ष), उनका पुत्र शिव खड़िया (27 वर्ष) और बहू उदाशिनी खड़िया (25 वर्ष)।कौशल (25 वर्ष), इंदीवर (19 वर्ष) और प्रिया (32 वर्ष)।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शेष घायलों की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है और कुछ मजदूर अब भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

परिजनों का गंभीर आरोप: ‘बयान बदलने का बनाया जा रहा दबाव’
पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि: प्लांट में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई थी। प्रबंधन द्वारा एफआईआर (FIR No. 0047) वापस लेने और पुलिस को दिए बयान बदलने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि खतरनाक औद्योगिक परिसर के भीतर 9 माह की बच्ची कैसे मौजूद थी। परिजनों का कहना है कि मां उदाशिनी काम के दौरान बच्ची को साथ लेकर आती थी।
प्रशासन की कार्रवाई और मांगें
हादसे के बाद पुलिस, फॉरेंसिक और श्रम विभाग की टीम जांच में जुटी है। स्थानीय संगठनों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मृत बच्ची के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्लांट प्रबंधन से वसूला जाए।साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


