
बलौदाबाजार में जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार जिले में जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी मनोहर लाल साहू (35 वर्ष) को गिधौरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं।

जमीन बिक्री के नाम पर 8.11 लाख की ठगी
पहला मामला जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। प्रार्थी संतोष कुमार साहू ने जून 2017 में आरोपी मनोहर लाल साहू से रायपुर में 2000 वर्ग फीट जमीन खरीदने का सौदा किया था। इस सौदे के तहत संतोष कुमार साहू ने आरोपी को नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 8,11,000 रुपये दिए। इसके बावजूद आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए। रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित की शिकायत पर थाना गिधौरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की धोखाधड़ी
दूसरा प्रकरण शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ठगी से जुड़ा है। आरोपी मनोहर लाल साहू ने रामनारायण साहू और अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को शेयर बाजार में निवेश पर दो साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। इस फर्जी योजना के तहत कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ सहित कई इलाकों के लोग धोखाधड़ी का शिकार हुए।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 170/2025 के तहत धारा 318(4), 3(5), 111 BNS में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर गिधौरी थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी मनोहर लाल साहू ने जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर रामनारायण साहू एवं अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की।
न्यायालय में पेश, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
आरोपी मनोहर लाल साहू, निवासी ग्राम अमलीडीह, थाना गिधौरी, को 08 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के अन्य संभावित साथियों और इससे जुड़ी अन्य घटनाओं की गहन जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



