
मोहरा एनिकट में दर्दनाक हादसा: नहाने उतरे दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत
सूरजपुर। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनिकट में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। नहाने के लिए उतरे दो नाबालिग छात्र गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब 20 घंटे बाद सोमवार सुबह दोनों छात्रों के शव बरामद किए गए। मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।

घूमने के बहाने एनिकट पहुंचे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) पिता सेराज अंसारी और जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष) पिता मो. जावेद रविवार दोपहर अपने 5–6 हमउम्र दोस्तों के साथ रामनगर मोहरा एनिकट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान आदिल और अयान नहाने के लिए एनिकट में उतर गए।
गहरे पानी में डूबे, साथियों ने मचाया शोर
नहाते समय दोनों छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों पानी में समा चुके थे। घटना के समय अयान का भाई आवेश भी मौके पर मौजूद था।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत विश्रामपुर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने सूरजपुर एसडीआरएफ टीम को सूचित किया। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन रविवार देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया।
20 घंटे बाद बरामद हुए शव
सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ टीम ने दोनों नाबालिगों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



