
Bhilai: एग्जाम सेंटर के सामने चोरी, परीक्षार्थी का पर्स पार
दुर्ग। जिले के भिलाई स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, खम्हरिया परिसर में परीक्षा देने आई एक युवती का पर्स चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने युवती की एक्टिवा की डिग्गी खोलकर उसमें रखा पर्स पार कर दिया। पर्स में सोने के जेवर, नकद राशि और दो मोबाइल फोन रखे थे। चोरी की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है। यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
परीक्षा देने पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, पीड़िता आकांक्षा पटेल, निवासी राजनांदगांव, 8 फरवरी को सीटेट परीक्षा देने राजनांदगांव से भिलाई स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज खम्हरिया पहुंची थी। सुबह करीब 9 बजे परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उसने अपने कीमती सामान पर्स में रखे।

डिग्गी में रखा पर्स
परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का सामान ले जाना प्रतिबंधित था। इस कारण आकांक्षा ने तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, 8 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल और आईफोन को अपने पर्स में रखकर एक्टिवा (क्रमांक CG 08 AC 6900) की डिग्गी में रखा और वाहन लॉक कर परीक्षा देने चली गई।
परीक्षा के बाद हुआ चोरी का खुलासा
परीक्षा समाप्त होने के बाद जब आकांक्षा वापस अपनी एक्टिवा के पास पहुंची और डिग्गी खोली, तो पर्स गायब मिला। इससे वह स्तब्ध रह गई। पीड़िता को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक्टिवा की डिग्गी खोलकर पर्स चोरी कर लिया।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी युवती ने तत्काल अपने भाई को दी, जिसके बाद वह स्मृति नगर चौकी पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



