
‘इडली-डोसा’ बेचने वाले निकले शातिर चोर: पाटन समेत 5 थाना क्षेत्रों की 8 चोरियों का खुलासा, 6 गिरफ्तार
दुर्ग/पाटन: दुर्ग पुलिस ने अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले 3 सुनारों सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दिन में इडली-डोसा बेचने के बहाने रेकी करता था और रात में सूने मकानों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस ने इनके पास से 7.15 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नगदी बरामद की है।
रेकी के लिए अपनाया ‘इडली-डोसा’ का चोला
पकड़े गए मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया, जितेन्द्र गायकवाड़ और रवि साहू राजनांदगांव के रहने वाले हैं, जो रायपुर के मठ पुरैना में रहकर इडली-डोसा बेचने का काम करते थे। इसी काम की आड़ में ये पाटन, उतई, अमलेश्वर और नंदनी जैसे ग्रामीण इलाकों के सूने मकानों की पहचान करते थे। मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया पर पहले से ही अलग-अलग थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
8 बड़ी चोरियों का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने 8 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है:
पाटन क्षेत्र: अरसनारा, तर्रा और बठेना गांव के सूने मकानों से नगदी और सोने के टॉप्स चोरी किए।
उतई व रानीतराई: ग्राम औसर और गोडपेण्ड्री में सोने के गुलबंद, लॉकेट और गेहूं दाना पार किया।
अमलेश्वर व नंदनी: ग्राम झीट और अछोटी में पल्सर व KTM जैसी स्पोर्ट्स बाइक का इस्तेमाल कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

चोरी का सोना खरीदने वाले 3 सुनार भी हत्थे चढ़े
दुर्ग पुलिस ने केवल चोरों को ही नहीं, बल्कि चोरी का माल खपाने वाले खरीददारों पर भी शिकंजा कसा है। पुलिस ने धर्मेन्द्र साहू, उमेश उर्फ पिंटू सोनी और प्रकाश सोनी को गिरफ्तार किया है, जो आरोपियों से चोरी के गहने खरीदा करते थे।
जप्त सामग्री और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात (अंगूठी, चेन, लॉकेट, पायल) और नगदी बरामद की है। जप्त संपत्ति की कुल कीमत 7,15,820 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से मिली सफलता
इस अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को सुलझाने में थाना पाटन और ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन के तकनीकी विश्लेषण के बाद घेराबंदी कर आरोपियों को रायपुर से दबोचा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



