
नदी किनारे शराब की ‘फैक्ट्री’ पर पुलिस का छापा: 200 किलो लाहन नष्ट, 1.66 लाख का सामान जप्त
महासमुंद |महासमुंद जिले में अवैध नशे के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। थाना सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने ग्राम लोहराकोटा के जंगल में नदी किनारे चल रही अवैध महुआ शराब बनाने की ‘फैक्ट्री’ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब, गैस सिलेंडर और महंगे उपकरण बरामद किए हैं।
जंगल में दबे पांव दी दबिश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहराकोटा के घने जंगल और नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध शराब खींचने का काम चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए 7 फरवरी की शाम संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर रेड मारी। अचानक हुई इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
600 लीटर शराब बनने से पहले ही लाहन नष्ट
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर 105 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की। इसके अलावा, टीम ने वहां मौजूद 200 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, यदि यह लाहन नष्ट नहीं किया जाता, तो इससे लगभग 600 लीटर अवैध शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा सकती थी।

एप्पल मोबाइल और वाटर पंप जैसे महंगे सामान जप्त
पुलिस ने घटना स्थल से तस्करी और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जप्त की है, जिसकी कुल कीमत 1,66,200 रुपये बताई जा रही है:
- शराब: 105 लीटर (कीमत 21,000 रुपये)।
- गैजेट: 01 नग एप्पल कंपनी का मोबाइल (कीमत 1,06,000 रुपये)।
- वाहन: 01 बिना नंबर वाली स्कूटी।
- उपकरण: 01 वाटर पंप, 08 गैस सिलेंडर, चूल्हा, 08 ड्रम और बड़े बर्तन।
एक गिरफ्तार, दो तस्कर फरार
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे।
- गिरफ्तार: तेजकुमार डडसेना (28 वर्ष), निवासी लोहराकोटा।
- फरार: करण चौहान (लोहराकोटा) और रितेश सिन्हा (पिथौरा)।
सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



