
Bilaspur: तीन मासूम बच्चों के साथ लापता हुई मां, सात दिन बाद भी सुराग नहीं…
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। कबीरधाम जिले से बिलासपुर स्थित अपने मायके जाने के लिए निकली महिला सात दिनों के बाद भी घर नहीं पहुंची है। परिजनों ने बताया कि महिला बच्चों के इलाज के बहाने घर से निकली थी, लेकिन बिलासपुर पहुंचने से पहले ही उसका सुराग मिलना बंद हो गया।
अस्पताल जाने के बहाने घर से निकली थी पत्नी
पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक ने अपनी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26 वर्ष) और तीन बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिसेन के अनुसार, 2 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे पुष्पनंदनी ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही और बच्चों के इलाज के बहाने बिलासपुर (अशोकनगर) जाने के लिए शारदा बस पकड़ी थी।

महाराणा प्रताप चौक पर उतरी, फिर गायब
परिजनों ने बताया कि शाम करीब 6 बजे जब पुष्पनंदनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। घबराए परिजनों ने बिलासपुर स्थित ससुराल में फोन किया, लेकिन वहां भी वह नहीं पहुंची थी। खोजबीन के दौरान बस चालक ने जानकारी दी कि महिला और बच्चों को बिलासपुर के महाराणा प्रताप चौक पर उतारा गया था, उसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है।
परिजनों का पुलिस पर सुस्ती का आरोप
लापता महिला के पति बिसेन कार्निक ने पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस इस मामले में सक्रियता नहीं दिखा रही है। सात दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों और पत्नी का कोई सुराग नहीं मिलना किसी अनहोनी की आशंका को बढ़ा रहा है।
जांच में जुटी सिविल लाइन पुलिस
परिजनों की शिकायत पर बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब महाराणा प्रताप चौक और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि महिला और बच्चों के अंतिम लोकेशन और उनके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



