
Raipur: गांजा तस्करी पर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक, 20 किलो गांजे के साथ UP का तस्कर गिरफ्तार
रायपुर : राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश के एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर और यूपी में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार जप्त की है।
कुष्ठरोग अस्पताल के पास पुलिस की दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे, केनाल रोड स्थित कुष्ठरोग अस्पताल के पास कुछ लोग सफेद रंग की स्विफ्ट कार (CG 04 MT 1518) में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। DCP (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को आता देख कार में सवार दो आरोपी फरार होने में सफल रहे, जबकि चालक को पुलिस ने दबोच लिया।
ओडिशा से यूपी वाया रायपुर जा रहा था ‘माल’
पकड़े गए आरोपी की पहचान हिमांशु केशरवानी (29 वर्ष), निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कालाहांडी (ओडिशा) से गांजा लेकर आ रहा था। इस खेप को रायपुर के स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने के बाद शेष माल उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना थी।

7.55 लाख का मशरूका जप्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:
- गांजा: 20.300 किलोग्राम (कीमत लगभग 2,05,000/- रुपये)
- वाहन: स्विफ्ट कार (कीमत 5,00,000/- रुपये)
- मोबाइल: 02 नग वीवो कंपनी के स्मार्टफोन (कीमत 50,000/- रुपये)
- कुल जप्ती कीमत: लगभग 7,55,000/- रुपये
End-to-End और बैकवर्ड लिंकेज की जांच
न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में ‘बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज’ के आधार पर जांच कर रही है, ताकि गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना और खरीदने वाले नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



